Friday, February 5, 2010

शेयर बाजार - मूलभूत जानकारी





शेयर बाजार - मूलभूत जानकारी                           
                                                                - राजेंद्र मेहता (चार्टर्ड एकाउंटेंट)     


आज शेयर  बाजार सबके लिए आकर्षण का केंद्र बिंदु है  शीघ्र पैसा कमाने की चाह में कई लोगों के बर्बाद होने के उदाहरण  भी देखने - सुनने को मिलते हैं| क्या शेयर बाजार में निवेश (इन्वेस्ट) करने में खतरा है ? योग्य मार्गदर्शन और योजनाबद्ध निवेश से कई लोगों ने अपनी  किस्मत चमकाई  है| ऐसे उदाहरण भी समाज में मौजूद हैं| ऐसा नहीं है कि शेयर बाजार में लाखों रूपया होने पर ही निवेश कर सकते हैं| छोटे इन्वेस्टर भी इस बाजार में निवेश करके अपना भविष्य बना सकते हैं| 'खबरें आज तक' पत्र शेयर बाजार में  नए प्रवेश करने वालों तथा पुराने निवेशकों के मार्गदर्शन हेतु एक नए     कॉलम  की शुरुआत कर रहा है| चार्टर्ड एकाउंटेंट राजेंद्र मेहता सफल इन्वेस्टमेंट कंसल्टेंट भी हैं ,जिनके अनुभव की कलम का लाभ पाठकों को प्रति सप्ताह मिलता रहेगा|    
       
प्रत्येक व्यक्ति स्वयं की बचत को निवेश (इन्वेस्ट) करना चाहता है| निवेश पर आकर्षक लाभ (मुनाफ़ा) मिले ,निवेश में तरलता हो , तथा समझने में सरल हो ये  सभी निवेशक चाहतें हैं| निवेश जमीन ,घर ,सोना ,चांदी ,एन.एस.सी.,कंपनी या बैंक में फिक्स्ड- डिपोजिट, कंपनी के डिबेंचर्स , बोंड्स या शेयर में किया जा सकता है| शेयर में निवेश करने के कई फायदे हैं|


            जैसे कि -  शेयर थोड़े - थोड़े व अलग - अलग कंपनी के ले सकते  हैं| -शेयर   डीमेट अकाउंट में होने से संभालने में समय और खर्चा नहीं होता है| जबकि जमीन ,घर या सोने में संभालने में समय का अपव्यय व धन खर्च होता है| -जमीन ,या घर स्वयं के नाम करने में स्टेम्प - ड्यूटी रजिस्ट्रेशन  जैसे खर्च करने पड़ते हैं ,वहीं सोना-चांदी चोरी होने का भय रहता है| जमीन या घर में निवेश हेतु एक साथ बड़ी रकम की जरुरत होती है ,जबकि शेयर खरीदने में इसकी जरुरत नहीं| -शेयर जितनी जरुरत हो उतने बेचे जा सकते हैं और थोड़े  ही समय में पैसे मिल सकते हैं| जमीन या घर एक साथ पूरा बेचना पड़ता है और पैसा मिलने में भी समय लगता है|  -शेयर की  निर्धारित कीमत आसानी से जानी जा सकती है और कम समय में व्यवस्थित तरीके से बेच सकते हैं|घर या जमीन में ऐसा संभव नहीं|   - शेयर में लम्बी अवधि तक निवेश रोकने पर अच्छा लाभ मिलता है जो फिक्स्ड-डीपोजिट्स, डिबेंचर्स, बोंड्स, इत्यादि में नहीं मिलता है| - शेयर यदि एक वर्ष पश्चात मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज के तहत बेचा जाए तो आयकर में सम्पूर्ण छूट मिलती है|एक वर्ष के अन्दर शेयर बेचने पर भी आयकर में केवल १५% पूंजी वृद्धि कर (Capital Gain Tax) भरना पड़ता है| दूसरे किसी निवेश की आया पर यह छूट नहीं मिलती है| बोंड ,डिबेंचर या फिक्स डिपोजिट के ब्याज में से कर - कटौती (टी.डी.एस.) अपने - आप हो जाती है| - शेयर पर वार्षिक डिविडेंड की आय पर कर में भी सम्पूर्ण छूट है|  जबकि फिक्स्ड  डीपोजिट्स, डिबेंचर्स या एन.एस.सी.के ब्याज पर आय कर भरना पड़ता है| पी.पी.ऍफ़.का ब्याज करमुक्त  है , परन्तु एक  व्यक्ति ७० हजार से ज्यादा निवेश इसमें नहीं कर सकता है|


       शेयर की खरीद -बिक्री पर स्टॉक एक्स्चेंग पूरा ध्यान रखता है| निवेशकों के हित में नियम बनाकर शेयर दलालों को उनका पालन करने की हिदायत देता है| शेयर दलालों के हिसाब का आंकलन करना ,निवेशकों एवं दलालों के बीच झगड़े का निवारण करना ,कोई शेयर दलाल के दिवालिया होने पर निवेशकों को हानि न होने पाए इसके लिए शेयर बाजार के  निवेशक प्रोटेक्शन फंड में से  हर्जाना दिलवाना जैसी अनेक सुविधाएं शेयर निवेशकों हेतु है| बी.एस. इ. , एन.एस.इ.अथवा किसी भी मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्स्चंज द्वारा निवेशकों को कानूनी करारनामा मिलता है जिसमें निवेशकों के सभी हितों का रक्षण होता है| शेयर बेचने के तीसरे दिन ही निवेशक को उसका पैसा मिल जाता है| 


   ऊपर बताए अनुसार सभी आवश्यक जानकारी के पश्चात जिस व्यक्ति के पास स्वयं का घर ,जरूरी सोने के गहने और अन्य जरूरी बचत करने के बाद बचे हुए पैसे  शेयर  में निवेश करना हो , उसे कैसे आगे बढ़ना चाहिए ? यह जानना भी जरूरी है| 


    शेयर में निवेश करने के लिए जानकार व्यक्ति की सलाह लेकर ही आगे बढ़ना चाहिए| निवेशक देश के किसी भी कोने से शेयर में निवेश बी.एस.इ.और एन.एस इ. द्वारा कर सकता है| इसके लिए सर्वप्रथम निवेशक को एक डीमेट खाता और एक बैंक का खाता खुलवाना जरूरी है| इसके साथ ही किसी भी शेयर दलाल के पास  क्लाइंट रजिस्ट्रेशन भी कराना जरूरी है| डीमेट अकाउंट शेयर दलाल के पास खुलवाने से शेयर बेचते समय अपनेआप  आपके खाते में से दूसरे के खाते में बदली हो जाते हैं| किसी भी प्रकार की ट्रांसफर स्लिप देने की जरूरत नहीं पड़ती है| समय ,   मेहनत और शेयर नीलामी के समय फालतू खर्चे बचते हैं|  कोई भी व्यक्ति जितने चाहे, डीमेट अकाउंट खुलवा सकता है| डीमेट खाता खुलवाने के लिए पेन- कार्ड जरूरी है ,इसके अलावा घर के  पते के सबूत के लिए जरूरी दस्तावेज भी देने पड़ते हैं| बैंक अकाउंट तो जरूरी है ही ,एच.यु .ऍफ़. भी डीमेट अकाउंट खुलवा सकता है| 


    शेयर खरीदी के लिए नगद रूपया नहीं दे सकते| आपको अपने खाते में से चेक ही देना पड़ता है| यह खाता भी शेयर दलाल के पास मान्यता प्राप्त होना चाहिए| बिक्री के समय भी शेयर दलाल अकाउंट पेयी चेक द्वारा ही पैसे चुकाता है| खरीदी या बिक्री के समय दलाली ,  एस.टी.टी.(सिक्योरिटी ट्रांजेक्शन टेक्स ) और अन्य दूसरे कानूनी टेक्स  लगते हैं| शेयर दलाल कांट्रेक्ट नोट बिल और आपका खाता आपको देने हेतु बाध्य है|| शेयर की खरीदी - बिक्री  आन लाइन भी कर सकते हैं|    


      निवेशक को मुख्यतः लम्बी अवधि के लिए शेयर की  खरीद -बिक्री करना चाहिए| एक ही दिन में खरीदकर बेचना डे - ट्रेडींग कहलाता है| डे - ट्रेडींग में मुनाफा या नुकसान का चेक दलाल को देना -लेना पड़ता है| इसके सिवाय (F&O) फ्यूचर और ऑप्शन द्वारा भी सोदा हो सकता है| जिसमें केवल मार्जिन देकर शेयर खरीद बेच सकते हैं| F&O में शेयर की फिजिकल डिलीवरी देनी या लेनी नहीं पड़ती है|  F&O या डे ट्रेडींग के प्रोफिट पर आयकर में कोई छूट नहीं है| इस प्रकार के सोदे को सट्टे  का नाम दिया जा सकता है| सच्चे निवेशक को इन सबसे दूर ही रहना चाहिए| निवेशक को इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि उसका शेयर दलाल किसी भी प्रकार के सट्टे को उत्तेजित तो नहीं कर रहा है| यदि ऍसा है तो दलाल बदल देना चाहिए ,क्योंकि सट्टे से लम्बे समय में समय और पैसा बर्बाद होता है| 


     निवेशक पोर्टफोलियो मेनेजमेंट स्कीम (PMS) द्वारा भी निवेश कर सकते हैं| इससे आपको निवेश हेतु  स्वयं समय नहीं देना पड़ता है ,निवेशक  जितनी रकम पोर्टफोलियो मेनेजमेंट स्कीम में निवेश करता है ,उसके शेयर की खरीद - बिक्री का कार्य शेयर दलाल संभालता है| निवेशक को उसका हिसाब दिया जाता है| फ़ायदा या नुकसान भी निवेशक का ही होता है| परन्तु विशेष जानकारी और ज्ञान के  कारण शेयर दलाल को निवेश के लाभ  का अमुक भाग देने के उपरांत भी निवेशक को उसके निवेश पर अच्छा लाभ मिलने की संभावना बढ़ जाती है|






- अनुवादक - गुजराती से हिंदी  
- संध्या 'राज' मेहता

No comments:

Post a Comment